
Success Story: देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में गिनी जाने वाली UPSC Civil Services Examination में अब लड़कियां भी लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। हर साल बड़ी संख्या में छात्राएं आईएएस, आईपीएस और अन्य प्रतिष्ठित सेवाओं में चयनित हो रही हैं। आज हम आपको एक ऐसी ही प्रेरणादायक कहानी बता रहे हैं, जहां एक युवती ने मात्र 21 साल की उम्र में अपने पहले ही प्रयास में यूपीएससी परीक्षा पास कर 61वीं रैंक हासिल की और आईएएस अधिकारी बनीं। खास बात यह है कि उन्होंने यह सफलता बिना किसी कोचिंग के, केवल सेल्फ स्टडी के जरिए प्राप्त की। उनका नाम Aastha Singh है। आइए जानते हैं उनकी सफलता की कहानी।
शुरुआत से मिला पढ़ाई का माहौल
आस्था सिंह मूल रूप से Jaunpur जिले की डोभी तहसील के कनौरा गांव की निवासी हैं। हालांकि उनका बचपन Panchkula में बीता। उनके पिता एक फार्मा कंपनी में क्वालिटी हेड के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी होने के बावजूद अच्छी शिक्षा प्राप्त कर चुकी हैं। घर में पढ़ाई को लेकर सकारात्मक माहौल होने की वजह से आस्था को शुरुआत से ही शिक्षा का महत्व समझ में आया।
दिल्ली यूनिवर्सिटी से की पढ़ाई
आस्था ने University of Delhi के प्रतिष्ठित Shri Ram College of Commerce से इकोनॉमिक्स ऑनर्स में स्नातक की पढ़ाई पूरी की। ग्रेजुएशन के दौरान ही उन्होंने यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी थी। इसी दौरान उन्होंने हरियाणा पीसीएस परीक्षा भी दी, जिसमें उनका चयन हुआ, लेकिन उनका लक्ष्य यूपीएससी था, जिसे उन्होंने हासिल कर लिया।
सेल्फ स्टडी से हासिल की सफलता
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आस्था ने यूपीएससी की तैयारी के लिए किसी भी कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया। उन्होंने स्वयं अध्ययन को ही अपनी ताकत बनाया। पढ़ाई के दौरान उन्होंने किताबों के साथ-साथ इंटरनेट का भी सही उपयोग किया और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का लगातार अभ्यास किया। इसके अलावा उन्होंने टाइम मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान दिया, जो उनकी सफलता का एक अहम कारण बना।
यूपीएससी परीक्षा 2024 में उन्होंने 61वीं रैंक हासिल कर यह साबित कर दिया कि सही रणनीति, अनुशासन और मेहनत के दम पर बिना कोचिंग के भी बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।